मुरैना। मध्यप्रदेश शासन की ‘माँ तुझे प्रणाम’ योजना के अंतर्गत मुरैना जिले से चयनित युवाओं के लिए 16 सितंबर 2026 को पुलिस लाइन मुरैना में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने युवाओं को योजना के उद्देश्य एवं निर्धारित भ्रमण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना, रक्षित निरीक्षक रविकान्त शुक्ला तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला मुरैना के प्रशांत कुमार कुशवाहा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने युवाओं को यात्रा के दौरान अनुशासन, सुरक्षा और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

इस दौरान युवाओं से संवाद करते हुए अधिकारियों ने कहा कि ऐसे भ्रमण कार्यक्रम युवाओं को देश के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर प्रदान करते हैं। युवाओं को अनुशासन, सकारात्मक सोच और राष्ट्रहित की भावना के साथ इस अनुभव को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।

योजना के तहत मुरैना जिले के पोरसा, अंबाह, मुरैना, जौरा, कैलारस, सबलगढ़ और पहाड़गढ़ विकासखंडों से चयनित युवाओं को शौर्य स्मारक, भोजपुर, भीमबेटका और पचमढ़ी सहित विभिन्न ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को देश की विरासत, इतिहास और संस्कृति से परिचित कराने के साथ उनमें राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना है।
