मुरैना पुलिस ने अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना रिठौराकलां क्षेत्र में अवैध पत्थर से भरी एक स्वराज ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुर गांव के पास खदान क्षेत्र से अवैध रूप से पत्थर का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस ने मौके से अवैध पत्थरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर थाना रिठौराकलां में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं एवं खनिज अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर एवं एसडीओपी बामौर अनिल मण्डराह के मार्गदर्शन में की गई।
