मुरैना में लगेगा रोजगार मेला, युवाओं को नौकरी और स्वरोजगार के अवसर

मुरैना। बेरोजगार युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार कार्यालय, मुरैना द्वारा 28 सितंबर 2026 को एक दिवसीय रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप मेले ‘युवा संगम’ का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला जिला रोजगार कार्यालय परिसर, चंबल कॉलोनी के पीछे, मुरैना में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा। मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा अपनी आवश्यकता के अनुसार रिक्त पदों पर युवाओं का चयन किया जाएगा।

जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र द्वारा युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विभिन्न योजनाओं की जानकारी और मार्गदर्शन दिया जाएगा। साथ ही पात्र युवाओं के ऋण प्रकरण तैयार करने की प्रक्रिया भी की जाएगी।

इन पदों पर मिलेंगे रोजगार के अवसर

वर्धमान फेब्रिकेशन प्रा.लि., भोपाल द्वारा मशीन ऑपरेटर पद के लिए मिडिल से हायर सेकेंडरी उत्तीर्ण 18 से 25 वर्ष आयु के युवाओं का चयन किया जाएगा। चयनित युवाओं को 18 हजार रुपये तक वेतन मिलेगा।

प्रेम मोटर्स प्रा.लि., मुरैना द्वारा वर्कशॉप के लिए 10वीं से 12वीं उत्तीर्ण, 18 से 28 वर्ष आयु के युवाओं को 8 से 15 हजार रुपये तक वेतन पर अवसर दिया जाएगा।

पायोनियर सिक्योरिटी सर्विस, गुजरात द्वारा सुरक्षा गार्ड पद के लिए 10वीं से 12वीं उत्तीर्ण, 18 से 45 वर्ष आयु के युवाओं का चयन किया जाएगा। इस पद पर 20 से 22 हजार रुपये तक वेतन मिलेगा।

अपोलो टायर्स प्रा.लि., बड़ौदा द्वारा आईटीआई के सभी ट्रेड के 18 से 26 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को मशीन ऑपरेटर एवं प्रशिक्षु पद पर अवसर दिया जाएगा। इसके लिए 17,316 रुपये वेतन निर्धारित है।

वहीं जॉब फेयर नाउ कॉम द्वारा उप शाखा प्रबंधक पद के लिए स्नातक, एमबीए एवं बीकॉम योग्यताधारी 21 से 28 वर्ष आयु के युवाओं का चयन किया जाएगा। इस पद पर वार्षिक वेतन 5 लाख रुपये तक रहेगा।

ये दस्तावेज साथ लाना जरूरी

रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक युवा समग्र आईडी, रोजगार पंजीयन, शैक्षणिक योग्यता संबंधी प्रमाण-पत्र और बायोडाटा के साथ निर्धारित तिथि एवं समय पर जिला रोजगार कार्यालय परिसर में उपस्थित होकर रोजगार के अवसर का लाभ उठा सकते हैं।

मेले में शामिल होने वाले युवाओं को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।

error: Content is protected !!