मुरैना। नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कंटेनर की टक्कर से स्कूटी सवार दंपती हादसे का शिकार हो गए। सरायछोला थाना क्षेत्र में सिकरौदा नहर के पास हुए इस हादसे में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।

मृतक की पहचान आशीष राणा (50 वर्ष), निवासी भूरिया गंज, आगरा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार आशीष राणा अपनी पत्नी प्रवेश राणा के साथ स्कूटी से मुरैना से आगरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सिकरौदा नहर के पास पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार पति-पत्नी सड़क पर गिर पड़े। हादसे में आशीष राणा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई। वहीं घायल प्रवेश राणा को उपचार के लिए मुरैना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही सरायछोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने कंटेनर क्रमांक HR38AK1100 को जब्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।