मुरैना। जिले में रेत के अवैध परिवहन के दौरान तेज रफ्तार का एक और खतरनाक मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के टंच रोड स्थित महावीर पुरा में रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर कार को करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में कार सवार नरेश राठौर की जान बाल-बाल बच गई।
जानकारी के मुताबिक टंच रोड महावीर पुरा निवासी नरेश राठौर अपनी पत्नी को काली माता के दर्शन कराने के बाद घर लौट रहे थे। नरेश के अनुसार, घटना से करीब पांच मिनट पहले ही उन्होंने अपनी पत्नी को कार से उतार दिया था। इसके बाद वह अकेले कार लेकर आगे बढ़े थे।
पीछे पुलिस, आगे रेत से भरे ट्रैक्टर
नरेश के मुताबिक, इसी दौरान टंच रोड पर सामने से रेत से भरे कई ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज रफ्तार में आते दिखाई दिए। उनके पीछे दो पुलिसकर्मी भी दौड़ रहे थे। नरेश का आरोप है कि पुलिसकर्मी ट्रैक्टरों को रोकने का प्रयास कर रहे थे और पत्थर व डंडे फेंक रहे थे। इसी दौरान पुलिस से बचकर भागने के प्रयास में एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सामने खड़ी कार से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर कार को करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया।
पत्नी कुछ मिनट पहले ही उतरी थी कार से
हादसे की सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि नरेश की पत्नी घटना से कुछ मिनट पहले ही कार से उतर चुकी थीं। यदि वह उस समय कार में मौजूद होतीं तो हादसा और गंभीर हो सकता था।अचानक हुए टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कार क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि नरेश राठौर बाल-बाल बच गए।
हादसे के बाद पुलिस की भूमिका पर भी सवाल
कार चालक नरेश राठौर ने हादसे के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि दुर्घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने क्षतिग्रस्त कार की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया और यह जानने की कोशिश भी नहीं की कि कार में सवार व्यक्ति सुरक्षित है या नहीं।
इस घटना ने जिले में रेत के अवैध परिवहन और तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, पुलिस की ओर से इस घटना और लगाए गए आरोपों पर आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।