गुड़ा चंबल और खंडोली में HIV/AIDS जागरूकता कार्यशाला, घर-घर पहुंचकर जांच के लिए किया प्रेरित

जौरा। मध्य प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति, भोपाल के तत्वावधान में 12 अगस्त से 12 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सघन जागरूकता अभियान के तहत देवगढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत गुड़ा चंबल एवं खंडोली में HIV/AIDS जागरूकता कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को HIV/AIDS के संक्रमण, बचाव और समय पर जांच के प्रति जागरूक करना रहा।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी मुरैना तथा मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी, सिविल हॉस्पिटल जौरा के मार्गदर्शन में ICTC द्वारा आयोजित कार्यक्रम पंचायत भवन गुड़ा चंबल और शांति पब्लिक हाई स्कूल, खंडोली में हुआ।

कार्यशाला में ICTC परामर्शदाता संदीप सेंगर ने ग्रामीणों, छात्र-छात्राओं और किशोर-किशोरियों को HIV संक्रमण फैलने के कारणों, बचाव के उपायों तथा ICTC केंद्र की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। इसके साथ ही टीम ने गांव में घर-घर दस्तक देकर लोगों से सीधा संवाद किया और उन्हें समय पर HIV जांच कराने के लिए प्रेरित किया। लोगों को HIV जांच एवं परामर्श के लिए 1097 हेल्पलाइन और QR कोड की जानकारी भी दी गई।

टीबी और अन्य संक्रामक बीमारियों को लेकर भी जागरूकता

कार्यशाला के दौरान ग्रामीणों को अन्य गंभीर एवं संक्रामक बीमारियों के प्रति भी जागरूक किया गया। CHO शीतल पवार जोशी ने टीबी के प्रमुख लक्षणों, बचाव के उपायों और समय पर उपचार के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने शासन की ओर से DOTS पद्धति के तहत मिलने वाले निःशुल्क उपचार तथा टीबी मरीजों को पोषण सहायता के रूप में दी जाने वाली आर्थिक मदद के बारे में भी बताया। वहीं CHO इमरान खान ने हेपेटाइटिस, सिफलिस सहित अन्य संक्रामक रोगों के संक्रमण के कारणों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी ग्रामीणों को दी।

कार्यक्रम में खंडोली ग्राम पंचायत के सरपंच नवल सिंह सिकरवार, एएनएम कृष्णा कुशवाहा, शिक्षक राजेश पाराशर, एमपीडब्ल्यू मुन्नालाल पावक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सुमन सिकरवार एवं शैलेंद्री सिकरवार, आशा कार्यकर्ता कृष्णा सिकरवार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!