सीसीटीवी कैमरे लगाना पड़ा भारी, शराब तस्करों ने युवक पर लाठी-डंडों से किया हमला; चार लोगों पर केस

मुरैना। रामपुर थाना क्षेत्र के चंद्रपुरा गांव में घर के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगवाना एक युवक को भारी पड़ गया। युवक का आरोप है कि कैमरों में गांव में अवैध शराब बेचने वाले लोगों की गतिविधियां रिकॉर्ड हो रही थीं। इसी बात से नाराज होकर कुछ लोगों ने बीती रात करीब 8 बजे युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल युवक की पहचान कृष्ण पाल जाटव (25), निवासी चंद्रपुरा के रूप में हुई है। कृष्ण पाल के मुताबिक, उसने अपने घर की सुरक्षा के लिए बाहर सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे। उसका आरोप है कि इन कैमरों में गांव में कथित रूप से अवैध शराब बेचने वाले लोगों की गतिविधियां रिकॉर्ड हो रही थीं। इसी को लेकर आरोपी उससे नाराज चल रहे थे।

लाठी-डंडों से किया हमला

पीड़ित के अनुसार, इसी रंजिश के चलते बीती रात करीब 8 बजे गांव के बीरेंद्र निबोरिया, रविकांत, सचिन और हरिसिंह निबोरिया ने एकजुट होकर उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में कृष्ण पाल घायल हो गया। घटना के बाद परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।

हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद कृष्ण पाल की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद रामपुर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मारपीट की वास्तविक वजह और पीड़ित द्वारा लगाए गए अवैध शराब बिक्री के आरोपों की भी जांच की जा रही है। जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!