मुरैना। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थ और शराब की तस्करी, परिवहन एवं बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 22 से 30 सितंबर 2026 तक 10 दिनों में पुलिस ने 32 प्रकरण दर्ज कर 34 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान 340 लीटर देशी और 23 लीटर अंग्रेजी शराब, कुल 363 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। इसके अलावा शराब तस्करी में प्रयुक्त एक ई-रिक्शा भी जब्त किया गया। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 3 लाख 91 हजार 110 रुपये बताई गई है।

20 थाना क्षेत्रों में कार्रवाई
अवैध शराब के खिलाफ जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दबिश देकर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इनमें रामपुर, पोरसा, बागचीनी में 3-3 प्रकरण, माता बसैया, बामौर, रिठौरा, अंबाह, महुआ और कैलारस में 2-2 प्रकरण दर्ज किए गए।इसके अलावा सिविल लाइन, स्टेशन रोड, दिमनी, सिहोनियां, नगरा, नूराबाद, पहाड़गढ़, चिन्नौनी, निरार, सबलगढ़ और टेटरा थाना क्षेत्रों में भी एक-एक प्रकरण दर्ज किया गया।पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग आपराधिक प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

आदतन अपराधियों पर भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
अवैध शराब के कारोबार में पहले से लिप्त आदतन अपराधियों के खिलाफ भी पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक धारा 129 एवं 126, 135(3) बीएनएसएस के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए भविष्य में ऐसी गतिविधियों की पुनरावृत्ति रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस टीमों द्वारा अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में शामिल संभावित लोगों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। साथ ही प्रमुख मार्गों, संवेदनशील क्षेत्रों और अवैध शराब की संभावना वाले स्थानों पर लगातार चेकिंग एवं पेट्रोलिंग की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।