30 साल से झोपड़ियों में जिंदगी! सरकारी योजनाओं से महरूम नाथ समुदाय ने कलेक्टर से लगाई मदद की गुहार

मुरैना। जिले के बस्तपुर डगोरा गांव में रहने वाले नाथ समुदाय के आधा सैकड़ा से अधिक महिला-पुरुष कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। समुदाय के लोगों ने करीब 30 वर्षों से झोपड़ियों में जीवन बिताने और सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने की शिकायत करते हुए प्रशासन से आवास सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की।

नाथ समुदाय की महिलाओं का कहना है कि वे पिछले करीब 30 वर्षों से झोपड़ियां बनाकर रह रही हैं, लेकिन अब तक उन्हें रहने के लिए पक्का आवास उपलब्ध नहीं कराया गया। उनका आरोप है कि उनके परिवारों के नाम बीपीएल सूची में शामिल नहीं किए गए, जिसके कारण उन्हें अन्नपूर्णा योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

महिलाओं ने बताया कि परिवारों को लाड़ली लक्ष्मी योजना, विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन सहित कई योजनाओं का लाभ भी नहीं मिल रहा है। समुदाय के लोगों के मुताबिक, पहले वे सांप पकड़ने का काम करते थे, लेकिन यह काम बंद होने के बाद अब खेती में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। वहीं बुजुर्गों के पास आय का कोई साधन नहीं होने के कारण उन्हें भिक्षावृत्ति का सहारा लेना पड़ रहा है।

झोपड़ियां तोड़ने और गांव से खदेड़ने की धमकी का आरोप

नाथ समुदाय के लोगों ने गांव के कुछ दबंग लोगों पर उनकी झोपड़ियां तोड़ने और गांव से खदेड़ने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि करीब तीन दशक से झोपड़ियों में रहने के बावजूद उन्हें स्थायी आवास नहीं मिला और अब उन्हें अपने आशियाने उजड़ने का डर सता रहा है।

आवास और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग

समुदाय के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि उनके परिवारों का सर्वे कराकर पात्रता के अनुसार आवास उपलब्ध कराया जाए, बीपीएल सूची में नाम जोड़े जाएं और उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।

एसडीएम बोले- पात्र परिवारों को मिलेगा योजनाओं का लाभ

मामले को लेकर एसडीएम अशोक सिंह चौहान ने कहा कि शिकायत जनसुनवाई में सामने आई है। संबंधित तहसीलदार को मामले से अवगत करा दिया गया है। जिन परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है, उन्हें चिन्हित कर पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।

error: Content is protected !!