मुरैना। राष्ट्रीय पोषण माह अभियान के अंतर्गत मुरैना शहरी सेक्टर-6 के नेतृत्व में आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 300, गोटिया पुरा, वार्ड क्रमांक 44 में राष्ट्रीय पोषण माह एवं आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम परियोजना अधिकारी गौरव दुबे के नेतृत्व तथा पर्यवेक्षक सुषमा शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस दौरान विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट एवं पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई।

पोषण माह का मुख्य उद्देश्य आमजन एवं हितग्राहियों को पौष्टिक एवं संतुलित आहार के महत्व के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम के दौरान सेक्टर-6 की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने हरी सब्जियों, मौसमी फलों एवं अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों से तैयार विभिन्न प्रकार के व्यंजन बनाकर उनकी प्रदर्शनी लगाई।
प्रदर्शनी के माध्यम से महिलाओं एवं हितग्राहियों को यह जानकारी दी गई कि दैनिक आहार में पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल कर बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकती है। वहीं गर्भवती महिलाओं और बच्चों के पोषण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई।
पर्यवेक्षक सुषमा शर्मा ने महिलाओं एवं हितग्राहियों को संतुलित आहार, पौष्टिक खाद्य पदार्थों के सेवन तथा बच्चों और गर्भवती माताओं के लिए आवश्यक पोषण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पोषण को स्वस्थ जीवन की आधारशिला बताते हुए उपलब्ध स्थानीय एवं मौसमी खाद्य पदार्थों के उपयोग पर जोर दिया।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गीता शर्मा, रेखा यादव, प्रीति शर्मा, राखी भदौरिया, विमला शर्मा, प्रीती जालोन, कीर्ति सिकरवार, मधु गुर्जर, मिथिलेश दौनेरिया, नीरजा यादव, कामिनी सक्सेना, मनको कुशवाहा, रजनी शाक्य, मीरा कर्ण सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।