कैलारस नगर पालिका में EOW की दबिश, 1.41 करोड़ के कथित भ्रष्टाचार मामले में दस्तावेज जब्त

मुरैना। कैलारस नगर पालिका में वर्ष 2020-21 के दौरान करीब 1 करोड़ 41 लाख रुपए के कथित भ्रष्टाचार को लेकर दर्ज FIR की जांच अब तेज होती दिखाई दे रही है। गुरुवार दोपहर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ग्वालियर की पांच सदस्यीय टीम अचानक कैलारस नगर पालिका पहुंची। टीम ने इंस्पेक्टर मदन मोहन मालवीय के नेतृत्व में नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर मामले से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए।

शिकायत के बाद दर्ज हुई थी FIR

मामला वर्ष 2020-21 का है। शिकायतकर्ता रमेश उपाध्याय की शिकायत पर कैलारस नगर पालिका में करीब 1 करोड़ 41 लाख रुपए के कथित भ्रष्टाचार को लेकर FIR दर्ज की गई थी। शिकायत में नगर पालिका के तत्कालीन अधिकारियों और कर्मचारियों पर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए गए थे। मामले में तत्कालीन विभिन्न CMO अतर सिंह रावत, संतोष सिहारे और संतोष शर्मा, लेखपाल लक्ष्मण नामदेव, स्टोर प्रभारी शिवकुमार और कर्मचारी देव प्रकाश शर्मा के नाम सामने आए थे।

तत्कालीन अधिकारियों और कर्मचारियों से जुड़े रिकॉर्ड जब्त

FIR दर्ज होने के बाद EOW ग्वालियर द्वारा मामले की जांच की जा रही है। इसी जांच के सिलसिले में गुरुवार को EOW की टीम कैलारस नगर पालिका पहुंची। टीम ने मामले से संबंधित दस्तावेजों की जानकारी जुटाई और तत्कालीन CMO, लेखपाल तथा स्टोर प्रभारी से संबंधित रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए। जब्त दस्तावेजों के आधार पर अब संबंधित वित्तीय लेनदेन और नगर पालिका के रिकॉर्ड की जांच की जाएगी।

दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई

EOW टीम प्रभारी इंस्पेक्टर मदन मोहन मालवीय ने बताया कि दर्ज FIR की जांच के तहत तत्कालीन विभिन्न CMO, लेखपाल और स्टोर प्रभारी से संबंधित रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं। मामले में अग्रिम जांच जारी है और जब्त दस्तावेजों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जांच के बाद सामने आएगी पूरी तस्वीर

करीब 1.41 करोड़ रुपए के कथित भ्रष्टाचार से जुड़े इस मामले में EOW की कार्रवाई के बाद नगर पालिका से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल है। अब जांच एजेंसी द्वारा जब्त किए गए दस्तावेजों की जांच की जाएगी। दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजर है।

error: Content is protected !!