मुरैना, 8 अक्टूबर 2026। ऋषि गालव महाविद्यालय, मुरैना में गुरुवार को ‘संकल्प वृक्ष—माटी को नमन, राष्ट्र को वंदन महा-अभियान’ के तहत चंबल की पावन माटी के पूजन, सीलिंग और वृक्षारोपण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
एनसीसी ग्रुप मुख्यालय ग्वालियर के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर अनिल जेठालिया और 8 एमपी बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी कर्नल सुमित दुआ के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में महाविद्यालय की 132 एनसीसी कैडेट्स की टुकड़ी ने सहभागिता की। चंबल तट से लाई गई माटी का विधिवत पूजन किया गया। इसके बाद माटी को एक-एक किलो के पैकेट में सील किया गया। यह माटी भोपाल में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में बनने वाली ‘संकल्प वाटिका’ के लिए भेजी जाएगी। माटी को अंडर ऑफिसर आकाश प्रजापति के नेतृत्व में भोपाल ले जाया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि प्रशांत कुमार कुशवाहा, संयुक्त संचालक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा डॉ. ए.के. उपाध्याय, प्राचार्य, पीएम एक्सीलेंस महाविद्यालय मुरैना उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. आई.ए. गौरी, प्राचार्य ऋषि गालव महाविद्यालय ने की। इस दौरान ब्रिगेडियर अनिल जेठालिया और कर्नल सुमित दुआ का मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ।
मुख्य अतिथि प्रशांत कुमार कुशवाहा ने कहा कि चंबल की माटी केवल मिट्टी नहीं, बल्कि क्षेत्र के पराक्रम, इतिहास और बलिदान की प्रतीक है। उन्होंने युवाओं और एनसीसी कैडेट्स को खेल, अनुशासन और समाजसेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. ए.के. उपाध्याय ने एनसीसी कैडेट्स के अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। वहीं प्राचार्य डॉ. आईए गौरी ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक सरोकार की भावना को मजबूत करते हैं।

संकल्प वृक्ष के तहत हुआ वृक्षारोपण
कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सामाजिक कार्यकर्ता कुशाल शर्मा के नेतृत्व में महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के सदस्यों, एनसीसी अधिकारियों और कैडेट्स ने पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के समापन पर एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट मुश्ताक अली ने अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों, महाविद्यालय परिवार और एनसीसी कैडेट्स का आभार व्यक्त किया। अंत में एनसीसी गीत और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमामयी समापन हुआ।