ग्राम देवरी में मंत्री ऐंदल सिंह कंषाना ने किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में हुआ वृहद वृक्षारोपण, मंत्री ने पौधों की देखभाल पर दिया जोर

मुरैना। सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत देवरी, जनपद पंचायत मुरैना में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री ऐंदल सिंह कंषाना ने सहभागिता करते हुए पौधरोपण किया और आमजन को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर मंत्री ऐंदल सिंह कंषाना ने कहा कि वृक्ष प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं। पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने, शुद्ध वायु उपलब्ध कराने और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने में पेड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल एक दिन का कार्य नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करना और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना भी उतना ही जरूरी है।

मंत्री ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। यदि लगाए गए पौधों की उचित देखभाल की जाए, तो वे भविष्य में पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

जनभागीदारी से बनेगा पर्यावरण संरक्षण जनआंदोलन

मंत्री कंषाना ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से जनकल्याणकारी गतिविधियों को बढ़ावा देना है। ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना के अनुरूप वृक्षारोपण जैसे कार्य समाज और प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी को दर्शाते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाएं और अपने गांव को हरा-भरा बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को पौधरोपण के लिए प्रेरित करने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान पौधरोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र में वृद्धि और प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया। साथ ही ग्रामीणों से पौधों के संरक्षण में सहयोग करने और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया।

Leave a Reply

error: Content is protected !!