मुरैना में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम टीम पर पथराव, JCB के कांच टूटे; तीन कर्मचारी घायल

मुरैना। शहर के नंदेपुरा रोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम पर पथराव का मामला सामने आया है। वार्ड क्रमांक 30 में नाला निर्माण के लिए शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर दो महिलाओं द्वारा कथित तौर पर पत्थर फेंके गए। घटना में जेसीबी मशीन के कांच टूट गए, जबकि तीन कर्मचारियों को मामूली चोटें आईं। नगर निगम ने स्टेशन रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 5 बजे इंजीनियर सूरज सिंह के नेतृत्व में नगर निगम की टीम नंदेपुरा रोड पर नाला निर्माण में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाने पहुंची थी। इसी दौरान वहां मौजूद दो महिलाओं ने कार्रवाई का विरोध किया और कथित तौर पर पथराव शुरू कर दिया।

पथराव में JCB के कांच टूटे

पथराव के दौरान एक पत्थर जेसीबी मशीन पर लगा, जिससे उसके कांच टूट गए। वहीं, पत्थर लगने से नगर निगम के तीन कर्मचारियों को मामूली चोटें आईं। घटना के बाद नगर निगम की टीम ने स्टेशन रोड थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की।

नगर निगम कमिश्नर ने की पुष्टि

नगर निगम कमिश्नर सत्येंद्र धाकरे के अनुसार, वार्ड क्रमांक 30 में नंदेपुरा के पास नाला निर्माण के लिए शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर पथराव किया गया। इस दौरान जेसीबी के कांच टूटने के साथ कर्मचारियों को भी चोटें आई हैं। मामले में स्टेशन रोड थाने में शिकायत की गई है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!