अंबाह/ खाने परोसने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप भी बरामद किया गया है।पुलिस के अनुसार, फरियादी शिवराम पुत्र नाथूराम वाल्मीकि ने 18 जून 2026 को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17 जून की रात करीब 9 बजे वह अपने भांजे मंजीत वाल्मीकि के साथ जय अंबे गार्डन के पीछे गुलाबपुरा स्थित लेबर साइट पर मौजूद था। इसी दौरान खाना परोसने की बात को लेकर मंजीत वाल्मीकि और गुड्डन धानुक के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर गुड्डन धानुक ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से लोहे के पाइप से मंजीत के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मंजीत की उपचार के दौरान मौत हो गई।मामले में पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। लगातार प्रयासों के दौरान 19 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर आरोपी गुड्डन उर्फ रमाकांत कठेरिया (32) निवासी ग्राम करवा खुर्द, थाना भरथना, जिला इटावा (उत्तर प्रदेश) को पिनाहट रोड स्थित निर्माणाधीन चंबल पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप भी बरामद किया है।गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
