सीएम डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने किया शिलान्यास, 916 किसानों को मिला 816 करोड़ रुपये का मुआवजा

इंदौर। मध्यप्रदेश को शनिवार को विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने 5,657 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। इस दौरान 2,935 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 48.10 किलोमीटर लंबी इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड फोरलेन सड़क परियोजना का भूमि-पूजन भी किया गया।परियोजना से इंदौर और उज्जैन के बीच आवागमन तेज होगा तथा आसपास के दर्जनों गांवों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। हाईवे निर्माण के लिए 28 गांवों के 916 किसानों को 816 करोड़ रुपये का मुआवजा प्रदान किया गया है। यह सड़क भविष्य में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और गुजरात तक बेहतर संपर्क का माध्यम बनेगी। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 2,548 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 42 हजार से अधिक आवासों का भूमि-पूजन किया गया। साथ ही 992 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 38 हजार आवासों का गृह-प्रवेश भी कराया गया। इसके अलावा 446 करोड़ रुपये की 116 परियोजनाओं का लोकार्पण और 310.82 करोड़ रुपये की 37 परियोजनाओं का भूमि-पूजन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इंदौर, उज्जैन और सांवेर क्षेत्र के लिए यह ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने कहा कि नई ग्रीनफील्ड सड़क धार्मिक, औद्योगिक और आर्थिक विकास की नई धुरी बनेगी तथा उज्जैन-इंदौर मेट्रोपोलिटन क्षेत्र को नई पहचान देगी। उन्होंने किसानों, युवाओं और आम नागरिकों के हित में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों और सड़क सुरक्षा के लिए हेलमेट अभियान का भी उल्लेख किया।केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि इंदौर और उज्जैन को जोड़ने वाली यह परियोजना रोजगार, शिक्षा और औद्योगिक विकास को नई गति देगी। उन्होंने प्रदेश में आवास, स्वच्छता, जल निकासी और शहरी विकास से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व की प्रशंसा की।

error: Content is protected !!