माता के दरबार में दिखा नाग-नागिन का जोड़ा, आधे घंटे तक करता रहा हलचल, ग्रामीणों ने लगाए जयकारे

मुरैना। जिले के धरसोला गांव में नवदुर्गा महोत्सव के दौरान माता के पंडाल में नाग-नागिन के जोड़े की मौजूदगी चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक, सप्तमी की आरती के दौरान हनुमान मंदिर के पीछे सजे माता के दरबार में नाग-नागिन का जोड़ा दिखाई दिया। दोनों सांप एक-दूसरे से लिपटे हुए करीब आधे घंटे तक हलचल करते नजर आए। इस दृश्य को देखकर वहां मौजूद ग्रामीण हैरान रह गए और माता के जयकारे लगाने लगे।

जानकारी के अनुसार, धरसोला गांव में नवदुर्गा महोत्सव के तहत माता के पंडाल में भजन-कीर्तन का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान आरती के समय नाग-नागिन का जोड़ा दिखाई दिया। देखते ही देखते यह दृश्य ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बन गया। कुछ ग्रामीणों ने इसे माता की आस्था से जोड़कर देखा।

तीन दिन लगातार दिखाई देने का ग्रामीणों का दावा

ग्रामीणों का दावा है कि इस वर्ष माता की आरती के दौरान लगातार तीन दिन तक नाग-नागिन का जोड़ा पंडाल में नजर आया। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले दो वर्षों से नवदुर्गा महोत्सव के दौरान भी इस तरह का नजारा देखने को मिल रहा है। उनका कहना है कि पिछले वर्ष भी नाग-नागिन का जोड़ा लगातार चार दिन तक पंडाल में दिखाई दिया था।

इस बार फिर जोड़े के नजर आने की बात से गांव में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीण इसे धार्मिक आस्था से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, सांपों की मौजूदगी को प्राकृतिक व्यवहार के रूप में भी समझना जरूरी है। ऐसी स्थिति में लोगों को सांपों से दूरी बनाए रखनी चाहिए और वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना देनी चाहिए।

error: Content is protected !!