मुरैना। चंबल नदी से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए मुरैना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को सरायछौला थाना पुलिस ने ग्राम नायकपुरा मडवाली माता मंदिर से चंबल नदी और गडोरा चंबल घाट तक जाने वाले अवैध रेत परिवहन के रास्तों को जेसीबी से खुदवाकर पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया।
पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक कविन्द्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में पुलिस ने अवैध रेत परिवहन के संभावित मार्गों को चिह्नित किया।
5 नवंबर को सरायछौला थाना पुलिस ने जेसीबी मशीन की सहायता से इन रास्तों पर खुदाई कराई, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली, डंपर और अन्य भारी वाहनों की आवाजाही रोकी जा सके।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई का उद्देश्य चंबल नदी क्षेत्र में अवैध खनन पर अंकुश लगाना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना और शासन को होने वाले राजस्व नुकसान को रोकना है।
पुलिस ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। अवैध रेत परिवहन में इस्तेमाल होने वाले अन्य रास्तों को भी चिह्नित कर इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।