मुरैना। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को मुरैना में भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्मित संभागीय कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय को पार्टी की संगठनात्मक मजबूती का नया केंद्र बताते हुए कहा कि यह भवन केवल ईंट-पत्थरों से बनी इमारत नहीं है, बल्कि यहां योग्य, समर्पित और विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ताओं का निर्माण होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की असली ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं। संगठन को मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं के निर्माण के लिए सुव्यवस्थित एवं आधुनिक कार्यालय की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों के पास भले ही इतने बड़े कार्यालय बनाने के संसाधन नहीं थे, लेकिन उनकी सोच और विचार बेहद मजबूत थे। उन्हीं विचारों को आगे बढ़ाते हुए मुरैना में इस भव्य संभागीय कार्यालय का निर्माण किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी कार्यालय के दो प्रमुख उद्देश्य होते हैं। पहला योग्य कार्यकर्ताओं का निर्माण करना और दूसरा पार्टी की गतिविधियों का विस्तार करना। भाजपा का यह नया कार्यालय इन दोनों उद्देश्यों को पूरा करेगा। इसके साथ ही यह आमजन की समस्याओं के समाधान और जनता को संगठन एवं सत्ता से जोड़ने का महत्वपूर्ण केंद्र भी बनेगा।

कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले- व्यक्तिवादी सोच वाली पार्टियां हो जाती हैं खत्म
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो राजनीतिक दल जनता की सेवा में तत्पर रहते हैं, वही आगे बढ़ते हैं। व्यक्तिवादी सोच रखने वाली पार्टियां कांग्रेस की तरह धीरे-धीरे खत्म हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की ताकत ही किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी पूंजी होती है।

नरेंद्र सिंह तोमर बोले- संगठनात्मक गतिविधियों को मिलेगी नई गति
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि भाजपा के इस संभागीय कार्यालय के निर्माण से मुरैना में पार्टी के कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।उन्होंने कहा कि पहले चुनाव और अन्य बड़े कार्यक्रमों के दौरान कार्यालय की व्यवस्था करने में लाखों रुपये खर्च करने पड़ते थे, लेकिन अब स्थायी कार्यालय बनने से यह परेशानी दूर होगी। यह कार्यालय केवल पार्टी की गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आमजन को सत्ता और संगठन से जोड़ने का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से सामूहिकता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

ग्राम करुआ में रिमोट दबाकर किया स्वामित्व योजना का शुभारंभ
भाजपा के संभागीय कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ग्राम करुआ पहुंचे। यहां उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर स्वामित्व योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने योजना के हितग्राहियों से संवाद भी किया और स्वामित्व योजना के माध्यम से ग्रामीणों को उनकी संपत्ति का मालिकाना हक मिलने के महत्व पर चर्चा की।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले पटवारियों को किया सम्मानित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज मुरैना जिले के ग्राम करुआ में स्वामित्व योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले पटवारियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पटवारियों के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और सराहनीय कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्वामित्व योजना को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने में राजस्व अमले की महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने सम्मानित पटवारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में मैदानी स्तर पर कार्य करने वाले कर्मचारियों की अहम भूमिका होती है।