मुरैना। दिवाली की रात मुरैना में सरकारी सेंट्रल वेयरहाउस परिसर में अचानक आग लगने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे परिसर में पड़े सूखी लकड़ियों और पत्तों के कचरे के ढेर में आग भड़क उठी। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि आसपास बने 3 से 4 मकानों तक पहुंचने लगीं। आग का विकराल रूप देखकर दहशत में आए लोग सुरक्षा के लिहाज से अपने घरों से बाहर निकल आए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास के मकानों तक आग फैलने और बड़े हादसे की आशंका टल गई। घटना में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
लकड़ियों और कचरे के ढेर में लगी थी आग
दमकल प्रभारी रामजीवन उपाध्याय के अनुसार, सेंट्रल वेयरहाउस परिसर में पेड़ों की कटी हुई लकड़ियां रखी हुई थीं। इसी स्थान पर कचरा भी डाला जाता था। आशंका है कि दिवाली पर आतिशबाजी के दौरान कहीं से आई चिंगारी लकड़ियों और कचरे के ढेर पर गिर गई, जिससे आग भड़क उठी।
दमकल प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। समय रहते आग पर काबू पा लेने से आसपास के मकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया और संभावित बड़ा हादसा टल गया।