मुरैना जिला अस्पताल के कैदी वार्ड से 232 किलो डोडा-चूरा तस्करी के मामले में गिरफ्तार एक बंदी के फरार होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बंदी जसवीर सिंह बग्घा कैदी वार्ड की कुंडी खोलकर फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि जिस समय वह फरार हुआ, उस दौरान उसकी सुरक्षा में तैनात पुलिस जवान सोते रहे। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
फरार बंदी की पहचान जसवीर सिंह बग्घा पुत्र मंगल सिंह, निवासी पंजाब के रूप में हुई है। उसे 2 नवंबर को नूराबाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर टेकरी स्थित फायरिंग रेंज से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसके कब्जे से 232 किलो डोडा-चूरा बरामद किया था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी जसवीर सिंह शिवपुरी से XUV-500 कार में डोडा-चूरा की खेप भरकर आगरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया था। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर 5 नवंबर को जेल भेज दिया गया था।
दस्त की शिकायत पर अस्पताल में कराया था भर्ती
जेलर एसके शर्मा के अनुसार, आरोपी नशे का आदी था। जेल पहुंचने के बाद से ही उसे बार-बार दस्त होने की शिकायत थी। परेशानी बढ़ने पर 6 नवंबर की रात करीब 12 बजे उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल मुरैना भेजा गया था। यहां उसे कैदी वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा था।
कुंडी खोलकर भागा बंदी, सुरक्षा में तैनात जवान सोते रहे
इसी दौरान बंदी जसवीर सिंह कैदी वार्ड की कुंडी खोलकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि घटना के समय सुरक्षा में तैनात पुलिस जवान सो रहे थे और उन्हें बंदी के भागने की भनक तक नहीं लगी। बंदी के फरार होने की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस फरार बंदी की तलाश में जुटी है। वहीं, जिला अस्पताल के कैदी वार्ड की सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।