11 से 18 नवंबर तक मनेगा जनजातीय गौरव सप्ताह, 15 नवंबर को निकलेगी भव्य सांस्कृतिक रैली
मुरैना। जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय महापुरुषों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 11 से 18 नवंबर तक प्रदेशभर में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न जिलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, संगोष्ठियां, जनजागरण अभियान और जनजातीय महापुरुषों के सम्मान में आयोजन किए जाएंगे। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाएगी।
इस संबंध में आयोजित पत्रकार वार्ता में मुरैना सांसद शिवमंगल सिंह तोमर ने कहा कि जनजातीय गौरव सप्ताह जनजातीय समाज के शौर्य, संघर्ष, बलिदान और गौरवशाली विरासत को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है। भगवान बिरसा मुंडा जैसे महापुरुषों ने देश और समाज के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के शोषण और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष करते हुए जल, जंगल और जमीन पर जनजातीय समाज के अधिकारों की आवाज बुलंद की।

सांसद तोमर ने बताया कि जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान प्रत्येक जिले में दो से तीन किलोमीटर लंबी भव्य सांस्कृतिक रैली निकालने की योजना है। इन रैलियों में जनजातीय समाज की पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य, लोकसंगीत, लोककला और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान और उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है। जनजातीय महापुरुषों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ ही उनके योगदान को इतिहास और पाठ्यक्रमों में उचित स्थान दिया जा रहा है। मध्यप्रदेश सरकार भी जनजातीय समाज के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष कमलेश कुशवाहा ने कहा कि जनजातीय गौरव सप्ताह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय इतिहास में जनजातीय समाज के अतुलनीय योगदान, संघर्ष और बलिदान को सम्मान देने का अवसर है। इन आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, भाजपा जिलाध्यक्ष कमलेश कुशवाहा, जिला महामंत्री सुनील जाटव एवं जिला कार्यालय मंत्री राजेश सिकरवार उपस्थित रहे। पत्रकार वार्ता का संचालन जिला मीडिया प्रभारी इंजी. दिलीप दंडोतिया ने किया।
जिला मीडिया प्रभारी दिलीप दंडोतिया ने बताया कि जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत मुरैना जिले में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर जनजातीय समाज के महापुरुषों के योगदान, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।