भाई दूज पर भावुक हुआ मुरैना उपजेल का माहौल, बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र की मांगी दुआ

मुरैना। जेल की ऊंची दीवारें, लोहे की सलाखें और अपनों से दूर रहने की मजबूरी… लेकिन भाई-बहन के रिश्ते की मोहब्बत को ये दीवारें भी नहीं रोक सकीं। भाई दूज के पावन पर्व पर मुरैना उपजेल में कुछ ऐसा ही भावुक नजारा देखने को मिला, जब बहनें अपने बंदी भाइयों के माथे पर तिलक लगाने और उन्हें मिठाई खिलाने पहुंचीं। किसी बहन की आंखों में खुशी थी तो किसी की आंखें भाई से मिलकर नम हो गईं। इन मुलाकातों में प्यार भी था, अपनापन भी और अपनों के जल्द घर लौटने की उम्मीद भी।

भाई दूज के अवसर पर शासन के निर्देशानुसार जेल प्रशासन ने बंदी भाइयों से मुलाकात के लिए बहनों को विशेष अनुमति दी थी। सुबह से ही जेल के मुख्य द्वार पर बहनों की कतार लगनी शुरू हो गई। सुबह 7 बजे से बहनें अपने भाइयों से मिलने के इंतजार में खड़ी रहीं। सुबह 8:30 बजे जेल का मुख्य द्वार खुला तो मुलाकात का सिलसिला शुरू हुआ। जेल के भीतर जाने से पहले सभी बहनों को तीन स्तर की सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ा।

इसके बाद जब बहनें अपने भाइयों के सामने पहुंचीं तो जेल की चारदीवारी के पीछे भाई दूज का त्योहार रिश्तों की गर्माहट से भर उठा। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाया, मिठाई खिलाई और उनकी लंबी उम्र की दुआ मांगी। कुछ पलों की इस मुलाकात में शायद कई महीनों की दूरी और अधूरी मुलाकातों का दर्द भी छिपा था। बहनों के लिए यह सिर्फ एक रस्म नहीं, बल्कि अपने भाई के प्रति प्रेम और विश्वास जताने का दिन था।

दोपहर तक 700 बहनों ने 230 बंदी भाइयों से की मुलाकात

भाई दूज पर जेल प्रशासन ने मुलाकात के लिए विशेष इंतजाम किए थे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कैंटीन से खरीदी गई मिठाई ही जेल के अंदर ले जाने की अनुमति दी गई। जेल उप अधीक्षक एसके शर्मा के अनुसार, शासन के आदेश पर बहनों के लिए विशेष मुलाकात की व्यवस्था की गई थी। दोपहर 2:30 बजे तक करीब 700 बहनें 230 बंदी भाइयों से मुलाकात कर चुकी थीं। वर्तमान में उपजेल में कुल 250 बंदी निरुद्ध हैं।

जेल की सलाखों के पीछे मनाई गई भाई दूज ने एक बार फिर यह एहसास कराया कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, भाई-बहन के रिश्ते का प्यार और अपनापन कभी कम नहीं होता। बहनों के हाथों का तिलक और उनके मुंह से निकली लंबी उम्र की दुआ बंदी भाइयों के लिए इस त्योहार की सबसे बड़ी सौगात बन गई।

error: Content is protected !!