मुरैना में ‘Run For Tomorrow’ मैराथन में दौड़े 2000 बच्चे, बालिका वर्ग में गायत्री ने मारी बाजी

1200 बालक और 800 बालिकाओं ने लिया हिस्सा, स्वस्थ और नशामुक्त समाज का दिया संदेश; 20 नवंबर को होगा बालक वर्ग के विजेताओं का सम्मान

मुरैना। शहर में रविवार, 15 नवंबर को युवाओं और विद्यार्थियों में स्वास्थ्य, फिटनेस एवं खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘Run For Tomorrow Student Marathon’ का भव्य आयोजन किया गया। मैराथन में करीब 2000 विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इनमें 1200 बालक और 800 बालिकाएं शामिल रहीं। विद्यार्थियों ने दौड़ के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और खेल के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

इस आयोजन का नेतृत्व नगर निगम उपसभापति एवं वार्ड क्रमांक 16 के पार्षद आयुष अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत CEO कमलेश कुमार भार्गव उपस्थित रहे। वहीं CMHO डॉ. पद्मेश उपाध्याय, शिक्षाविद् डीके जैन, विष्णु अग्रवाल, सुरेश जिंदल, एडवोकेट नारायण सिंह तोमर, महावीर प्रसाद, प्रमोद सिंघल सहित अन्य अतिथियों ने सहभागिता की।

बालिका वर्ग में गायत्री ने हासिल किया प्रथम स्थान

मैराथन में बालक एवं बालिका वर्ग के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बालिका वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए गायत्री ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मुस्कान द्वितीय और निहारिका तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं समय के अभाव के कारण बालक वर्ग के विजेताओं का पुरस्कार वितरण 20 नवंबर को किया जाएगा।

प्रतिभागियों को मिली मैराथन टी-शर्ट और प्रमाण पत्र

आयोजन में शामिल सभी प्रतिभागियों को विशेष मैराथन टी-शर्ट प्रदान की गईं। इसके साथ ही प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे। प्रमाण पत्र 16 से 20 नवंबर तक Career Path, नैनागढ़ रोड, मुरैना से प्राप्त किए जा सकेंगे।

Career Path Morena रहा मुख्य प्रायोजक

इस आयोजन के मुख्य प्रायोजक Career Path Morena रहे, जबकि Lions Club Diamond Morena ने सहयोगी संस्था के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले अतिथियों, प्रतिभागियों, वॉलंटियर्स, शिक्षकों और पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।

आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं को पढ़ाई के साथ खेल एवं शारीरिक गतिविधियों से जोड़ना और उनमें स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।

Leave a Reply

error: Content is protected !!