मुरैना। नेशनल हाईवे-44 पर देवरी के पास सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। राजस्थान की ओर से आ रही एक स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और बस से ऊंची लपटें उठने लगीं। आग देखकर बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों और बस स्टाफ ने आनन-फानन में बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित बच गए।
सुबह 5 बजे देवरी के पास लगी आग
जानकारी के अनुसार, यात्री बस राजस्थान की ओर से आ रही थी और ग्वालियर-झांसी की तरफ जा रही थी। सोमवार सुबह करीब 5 बजे देवरी के पास अचानक बस में आग लग गई। आग की लपटें उठते ही यात्रियों में भगदड़ मच गई। बस में मौजूद स्टाफ और यात्रियों ने बिना देर किए बस से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर जान बचाई।

दो दमकल गाड़ियों ने बुझाई आग
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही मुरैना से दमकल टीम मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए दो दमकल गाड़ियों को लगाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सभी यात्री सुरक्षित, कोई जनहानि नहीं
दमकल प्रभारी रामजीवन उपाध्याय के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 5 बजे बस में आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।