महाकाल लोक की तर्ज पर मुरैना में बनेगा भव्य शनिलोक, 34.97 करोड़ से बदलेगा शनिचरा मंदिर का स्वरूप

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने किया मंदिर परिसर का निरीक्षण, श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग, भोजनशाला, स्नान कुंड और धार्मिक स्थलों का होगा विकास

मुरैना। जिले के प्रसिद्ध शनिचरा मंदिर को अब धार्मिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है। उज्जैन के महाकाल लोक की तर्ज पर शनिचरा मंदिर परिसर को भव्य स्वरूप देकर ‘शनिलोक’ बनाया जाएगा। इसके लिए मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड ने 34 करोड़ 97 लाख 49 हजार रुपये की विस्तृत परियोजना तैयार की है। प्रस्तावित योजना के तहत मंदिर परिसर में आधुनिक सुविधाओं के साथ धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व के विभिन्न स्थलों का विकास किया जाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने शनिचरा मंदिर पहुंचकर परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्वालियर से आई प्रोजेक्ट टीम और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विकास योजना पर विस्तार से चर्चा की। प्रोजेक्ट टीम ने पीपीटी के माध्यम से प्रस्तावित निर्माण कार्यों और सुविधाओं की जानकारी दी। तोमर ने निर्देश दिए कि शनिचरा मंदिर की धार्मिक मान्यताओं, ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक महत्व को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों की योजना तैयार की जाए, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

14.61 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित होगा शनिलोक

प्रस्तावित परियोजना भारत सरकार की PRASHAD योजना के अंतर्गत तैयार की गई है। इसकी क्रियान्वयन अवधि 24 महीने निर्धारित की गई है। मंदिर की कुल 14.61 हेक्टेयर भूमि पर विकास कार्य प्रस्तावित हैं। इनमें 3.89 हेक्टेयर क्षेत्र में निर्माण और अन्य विकास गतिविधियां होंगी, जबकि 10.72 हेक्टेयर क्षेत्र को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित और संरक्षित किया जाएगा।

योजना के तहत करीब 300 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग, 500 श्रद्धालुओं की क्षमता वाली भोजनशाला, 20 प्रसाद काउंटर एवं दुकानें, विश्राम स्थल, डे-शेल्टर, पेयजल व्यवस्था, शौचालय और बैठने के स्थान विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए आवागमन के सुव्यवस्थित मार्ग भी बनाए जाएंगे।

भगवान श्रीराम की भव्य प्रतिमा और सप्तऋषि मंडल बनेगा आकर्षण

शनिचरा मंदिर परिसर में धार्मिक आस्था से जुड़े कई नए स्थल विकसित किए जाएंगे। यहां स्नान कुंड, कथा स्थल, श्रीराम स्थल और सप्तऋषि मंडल चबूतरे का निर्माण प्रस्तावित है। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने लेटे हुए हनुमान जी की प्रतिमा के समीप भगवान श्रीराम की भव्य प्रतिमा स्थापित करने के निर्देश दिए हैं।मंदिर परिसर में स्थित कुंड का विकास धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं के अनुरूप प्रतीकात्मक स्वरूप में किया जाएगा। दुकानों को निर्धारित स्थानों पर व्यवस्थित किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं के आवागमन में परेशानी न हो। इसके साथ ही सीढ़ियों और ऊपरी निकास क्षेत्र में रैंप, शेड, स्वच्छ शौचालय तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अन्य जरूरी व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी।

बारिश में जलभराव रोकने के लिए बनेगी बेहतर ड्रेनेज व्यवस्था

निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर में बारिश के समय होने वाले जलभराव की समस्या भी सामने आई। विधानसभा अध्यक्ष ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए पूरे क्षेत्र की ड्रेनेज व्यवस्था का तकनीकी परीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बड़े आकार की पाइपलाइन के माध्यम से वर्षा जल की निकासी सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा मंदिर के पीछे निकास क्षेत्र के समीप भूमि को समतल कराने और जरूरत के अनुसार रिटेनिंग वॉल बनाने के निर्देश दिए, ताकि भूमि का कटाव रोका जा सके और परिसर का विकास व्यवस्थित तरीके से हो।

ग्वालियर दुर्ग और चौसठ योगिनी मंदिर की स्थापत्य कला की दिखेगी झलक

शनिलोक की वास्तुशिल्पीय योजना में चंबल अंचल की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को भी शामिल किया जाएगा। प्रस्तावित सर्वसुविधा परिसर में शनि यंत्र की प्रतिकृति, ग्वालियर दुर्ग से प्रेरित कलात्मक रूपांकन तथा मितावली के चौसठ योगिनी मंदिर की स्थापत्य शैली से प्रेरित स्तंभ और अन्य वास्तु तत्व विकसित किए जाएंगे। परिसर में मंदिर का बाहरी प्रकाशीकरण, सीसीटीवी कैमरे, पब्लिक एड्रेस सिस्टम तथा बाल, जूते और वस्त्र संग्रहण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

हर साल 15 से 20 लाख श्रद्धालु पहुंचते हैं शनिचरा मंदिर

वर्तमान में शनिचरा मंदिर में प्रतिवर्ष लगभग 15 से 20 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। परियोजना के अनुसार आगामी दस वर्षों में यह संख्या बढ़कर 30 लाख प्रतिवर्ष तक पहुंच सकती है। इसे देखते हुए प्रवेश और निकास मार्ग, कतार प्रबंधन, बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण, होल्डिंग एरिया तथा परिधीय पार्किंग से शटल सेवा जैसी व्यवस्थाएं भी प्रस्तावित हैं।

शनिचरा मंदिर के आसपास बटेश्वर मंदिर समूह, पढ़ावली, मितावली का चौसठ योगिनी मंदिर, ककनमठ मंदिर, राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य और सबलगढ़ किला जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल मौजूद हैं। इन सभी स्थलों को धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन सर्किट से जोड़कर मुरैना को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में शामिल करने की संभावनाएं हैं।

निर्माण के दौरान 140 और संचालन में 120 लोगों को मिलेगा रोजगार

परियोजना से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। निर्माण कार्य के दौरान प्रतिदिन औसतन 140 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है। वहीं परियोजना पूरी होने के बाद सुरक्षा, पार्किंग, दुकानें, साफ-सफाई, उद्यानिकी और प्रशासनिक गतिविधियों में लगभग 120 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।निरीक्षण एवं बैठक के दौरान कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़, जिला पंचायत सीईओ कमलेश कुमार भार्गव, वनमंडलाधिकारी हरिश्चंद्र बघेल सहित संबंधित प्रशासनिक अधिकारी, एसडीएम, तहसीलदार और प्रोजेक्ट टीम के सदस्य मौजूद रहे।

शनिचरा मंदिर का यह प्रस्तावित विकास पूरा होने पर मुरैना को धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!