मुरैना में कांग्रेसजनों ने मनाई इंदिरा गांधी की जयंती, प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया नमन

इंदिरा गांधी का साहस, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा देश की राजनीति को सदैव प्रेरित करता रहेगा : राजेश राठौर

मुरैना। भारत की पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर बुधवार को मुरैना के एम.एस रोड स्थित पिछड़ा वर्ग कांग्रेस कार्यालय पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने उनकी प्रतिमा एवं चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पिछड़ा वर्ग कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राठौर ने कहा कि इंदिरा गांधी केवल देश की पहली महिला प्रधानमंत्री ही नहीं थीं, बल्कि साहसिक निर्णय क्षमता, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रसेवा की प्रतीक थीं। उनका संपूर्ण राजनीतिक जीवन संघर्ष, संकल्प और देशहित में लिए गए ऐतिहासिक फैसलों की मिसाल है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में इंदिरा गांधी के नेतृत्व ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की मजबूत पहचान स्थापित की। उनके नेतृत्व में बांग्लादेश के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ। वर्ष 1972 में उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।

राजेश राठौर ने कहा कि इंदिरा गांधी का जीवन हमें सिखाता है कि नेतृत्व का वास्तविक अर्थ कठिन परिस्थितियों में जिम्मेदारी निभाना और देशहित को सर्वोपरि रखना है। उनके आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक न्याय की विचारधारा को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के सिद्धांतों पर काम करती है। पिछड़े, वंचित, शोषित और कमजोर वर्गों को सामाजिक एवं राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास करना जरूरी है।

कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने भी इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान और ऐतिहासिक फैसलों को याद किया।

इस अवसर पर रामचित्र महाना गुर्जर, अशोक सिकरवार, प्रदीप रजक, आनंद रजक, दिलीप रजक, ममता कुशवाह, हरिराम पचौरिया, नरोत्तम माहौर, ओमप्रकाश खस, बंगाली जाटव, बैजनाथ पिप्पल, सतीश जाटव, शशि कुमार स्वामी, शैलेन्द्र खरे, अरुण प्रताप कुशवाह, अजय प्रजापति, संजय खान, विवेक सविता, राजकुमार गुर्जर, देवेन्द्र प्रजापति सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!