ससुराल में विवाद बना मौत की वजह, तालाब से निकला युवक का शव

मुरैना। दिमनी थाना क्षेत्र के पंचमपुरा गांव में एक युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ससुराल में पत्नी से हुए विवाद के बाद युवक ने तालाब में छलांग लगा दी थी। सूचना मिलने पर पहुंची एसडीआरएफ टीम ने करीब सात घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद शव को तालाब से बाहर निकाला। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार तुस्सान गांव निवासी देवेंद्र जाटव उर्फ साधू सिंह अपनी पत्नी के साथ पंचमपुरा गांव स्थित ससुराल में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। देर रात भोजन के बाद किसी बात को लेकर उसका पत्नी से विवाद हो गया। बताया जाता है कि विवाद के बाद नाराज होकर देवेंद्र घर के पीछे स्थित तालाब की ओर चला गया और उसमें छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक को तालाब में कूदता देख उसके ससुर और साला उसे बचाने के लिए पानी में उतरे। इस दौरान बचाव के प्रयास में देवेंद्र ने अपने साले के हाथ में दांत से काट भी लिया। इसके बाद वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते पानी में समा गया। घटना की सूचना मिलते ही दिमनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। रातभर चले सर्च ऑपरेशन के बाद सुबह करीब 6 बजे युवक का शव तालाब से बाहर निकाला गया। डीएसपी मुख्यालय विजय भदौरिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पत्नी से विवाद के बाद तालाब में कूदने की बात सामने आई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद घटना के सभी पहलू स्पष्ट हो सकेंगे।

error: Content is protected !!