मुरैना में सुरक्षा के अभेद्य घेरे के बीच शुरू हुई NEET-2026 परीक्षा, 7 केंद्रों पर 2380 अभ्यर्थी दे रहे परीक्षा

मुरैना। नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET)-2026 का आयोजन रविवार को मुरैना जिले में कड़ी सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी के बीच शुरू हुआ। जिले के सात परीक्षा केंद्रों पर दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित हो रही इस परीक्षा में लगभग 2380 अभ्यर्थी शामिल हुए हैं। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं।

परीक्षा शुरू होने से कई घंटे पहले ही सभी केंद्रों पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने मोर्चा संभाल लिया था। सुबह 11 बजे से शुरू हुई रिपोर्टिंग के दौरान परीक्षार्थियों की गहन जांच की गई। प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा कर्मियों द्वारा सघन चेकिंग के बाद ही अभ्यर्थियों को केंद्रों में प्रवेश दिया गया। निर्धारित समय के बाद केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए गए। कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन में सभी परीक्षा केंद्रों पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, नोडल अधिकारी और प्रशासनिक अमला तैनात किया गया है। अधिकारियों को परीक्षा प्रारंभ से लेकर समाप्ति तक केंद्रों पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रश्नपत्र एवं अन्य गोपनीय सामग्री ले जाने वाले सभी वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगाए गए हैं। इससे वाहनों की हर गतिविधि पर प्रशासन की नजर बनी हुई है। वहीं प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीम भी तैनात की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके। परीक्षा केंद्रों के भीतर और बाहर महिला एवं पुरुष पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई है। एएसपी से लेकर थाना प्रभारियों तक सभी अधिकारी लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा निःशुल्क बस सेवा का संचालन भी किया गया।परीक्षा समाप्ति के बाद उत्तर पुस्तिकाओं और गोपनीय सामग्री को सुरक्षित रखने के लिए सभी केंद्रों पर स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं। इनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी सीआरपीएफ को सौंपी गई है। स्ट्रांग रूम के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन का दावा है कि NEET-2026 परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा और निगरानी के इन व्यापक इंतजामों के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।

error: Content is protected !!