मुरैना। जिला चिकित्सालय मुरैना में मरीज के अटेंडर और नर्सिंग स्टाफ के बीच हुई विवाद की घटना ने राजनीतिक रंग ले लिया है। मध्यप्रदेश पिछड़ा वर्ग कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष राजेश राठौर के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर सिविल सर्जन डॉ. डी.एस. यादव से मुलाकात की और पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग की। राजेश राठौर ने कहा कि जिला चिकित्सालय लाखों लोगों की स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र है और यहां होने वाली घटनाएं आम जनता के विश्वास को प्रभावित करती हैं। उन्होंने कहा कि मामले में किसी भी पक्ष का पक्षपात किए बिना उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर मरीजों और उनके परिजनों से चर्चा की। इस दौरान साफ-सफाई, पेयजल, दवाओं की उपलब्धता और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर कई शिकायतें सामने आईं। कांग्रेस नेताओं ने अस्पताल प्रबंधन और जिला प्रशासन से व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार की मांग की। राजेश राठौर ने कहा कि मरीजों और उनके परिजनों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाना चाहिए, वहीं चिकित्सा कर्मियों की गरिमा और सुरक्षा की रक्षा करना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले की जांच प्रभावित करने या दोषियों को बचाने का प्रयास किया गया तो कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी। प्रतिनिधिमंडल में शहर कांग्रेस अध्यक्ष गजेन्द्र जाटव, कार्यकारी जिलाध्यक्ष राजेन्द्र यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक सिंह सिकरवार, सेवादल अध्यक्ष प्रदीप रजक, अल्पसंख्यक विभाग जिलाध्यक्ष रहीश खान, आनंद रजक, निरंजन राठौर सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।