अम्बाह। पैसों की मांग करने गए एक युवक पर कथित तौर पर रायफल से फायरिंग कर दी गई। गनीमत रही कि युवक बाल-बाल बच गया। घटना अम्बाह थाना क्षेत्र के रुअर गांव की है। फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। समाचार लिखे जाने तक आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार रुअर गांव निवासी इन्द्रगोपाल सिंह तोमर ने अपनी जमीन हुंडा भाड़े पर नरेश तोमर निवासी लोलकी को दी थी। नरेश पर करीब 7 हजार रुपये बकाया थे। बकाया राशि की मांग को लेकर इन्द्रगोपाल रविवार को नरेश के घर पहुंचे, जहां राहुल उर्फ लल्लू तोमर मौजूद था। आरोप है कि पैसों का तगादा करने पर राहुल ने पहले गाली-गलौज की और विरोध करने पर रायफल से फायर कर दिया। फायरिंग में इन्द्रगोपाल बाल-बाल बच गए। घटना के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी राहुल उर्फ लल्लू तोमर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।