अम्बाह। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महात्मा लोचनदास उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अम्बाह की राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) इकाई द्वारा योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों तथा अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग प्रशिक्षक विपिन तोमर ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योग क्रियाओं एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य एवं कार्यक्रम अधिकारी विजय शर्मा ने कहा कि आज के दौर में लगभग हर व्यक्ति तनावपूर्ण जीवन जी रहा है। ऐसे में नियमित योगाभ्यास तनाव से मुक्ति दिलाने के साथ शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की आधारशिला है। प्रत्येक व्यक्ति को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन लगभग 30 मिनट योग करने से कई गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है तथा कार्यक्षमता और एकाग्रता में भी वृद्धि होती है। कार्यक्रम के दौरान रासेयो स्वयंसेवकों ने कपड़े के थैलों के माध्यम से योग, स्वच्छता और सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने का संदेश दिया। साथ ही घर-घर योग पहुंचाने के उद्देश्य से ‘योग 365’ अभियान चलाने का संकल्प भी लिया।
