मुरैना। जिले के समस्त तहसीलों के कोटवारों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कोटवारों ने समय पर वेतन नहीं मिलने, वेतनमान निर्धारित करने, खाद-बीज सुविधा उपलब्ध कराने तथा सेवा संबंधी अन्य समस्याओं के निराकरण की मांग की। कोटवार संघ ने बताया कि जिले में कई कोटवारों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही कोटवारों की कृषि भूमि के रिकॉर्ड में नाम दर्ज नहीं होने के कारण उन्हें खाद-बीज सहित कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। संघ ने मांग की कि कोटवारों की भूमि की फॉर्मर आईडी पंजीयन शीघ्र बनाया जाए। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि 62 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले कोटवारों के परिवार के किसी एक सदस्य को नियुक्ति दी जाए तथा सेवानिवृत्त होने वाले कोटवारों को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। इसके अलावा शासन के आदेशानुसार कोटवारों को मिलने वाली वर्दी, जूता एवं टॉर्च की राशि सीधे उनके खातों में स्थानांतरित करने की मांग भी की गई।कोटवार संघ ने कलेक्टर से मांगों पर शीघ्र कार्रवाई कर समस्याओं का समाधान कराने की अपील की है।