मुरैना। जिले के सबलगढ़ क्षेत्र के खरिका गांव के पास स्थित कैनाल नहर में एक मगरमच्छ का बच्चा दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है। सोमवार रात सड़क से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों ने नहर के किनारे मगरमच्छ के बच्चे को देखा और उसका वीडियो भी बना लिया। सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को रेस्क्यू अभियान चलाने की तैयारी की है। जानकारी के अनुसार सोमवार रात कुछ ग्रामीण कार से अपने गांव खरिका की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर कैनाल नहर के किनारे बैठे एक मगरमच्छ के बच्चे पर पड़ी। जैसे ही कार की हेडलाइट की रोशनी मगरमच्छ पर पड़ी, वह तेजी से खिसककर नहर के पानी में कूद गया। इस दौरान कार में सवार लोगों ने अपने मोबाइल फोन से उसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। मगरमच्छ दिखाई देने की खबर गांव में फैलते ही लोगों में भय का माहौल बन गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि मगरमच्छ नहर में मौजूद है तो इससे नहर किनारे आने-जाने वाले लोगों और पशुओं को खतरा हो सकता है। इसी आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलने पर देवरी घड़ियाल केंद्र के अधीक्षक श्याम सिंह चौहान ने बताया कि रात के समय नहर में पानी का बहाव अधिक था और अंधेरा होने के कारण तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाना सुरक्षित नहीं था। उन्होंने बताया कि मंगलवार को वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करेगी। अधीक्षक चौहान ने कहा कि मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से पकड़कर उसके प्राकृतिक आवास चंबल नदी में छोड़ दिया जाएगा। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे नहर के आसपास सतर्कता बरतें और मगरमच्छ को देखने या पकड़ने का प्रयास न करें। वन विभाग की टीम के रेस्क्यू अभियान पर अब ग्रामीणों की नजर बनी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि मगरमच्छ को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के बाद क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।