खेती उजाड़ी, अब घर खाली करने का दबाव’— पहाड़गढ़ के आदिवासियों ने लगाई न्याय की गुहार

मुरैना। पहाड़गढ़ क्षेत्र में वन विभाग की कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। यहां मरा गांव में रहने वाले शहरिया आदिवासियों ने आरोप लगाया है कि वन विभाग ने उनकी जमीन पर बुल्डोजर चलाकर कब्जा हटा दिया और अब उन्हें घरों से बेदखल करने की धमकी दी जा रही है। इस कार्रवाई से करीब 35 आदिवासी परिवारों में भय और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, मुरैना जिले की पहाड़गढ़ तहसील अंतर्गत मरा गांव में लगभग 100 शहरिया आदिवासी परिवार निवास करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वे वर्ष 1984 से जंगल की भूमि को समतल कर कृषि कार्य कर अपनी आजीविका चला रहे हैं।

आरोप है कि हाल ही में वन विभाग के अधिकारियों ने बिना किसी पूर्व सूचना या मुनादी के मौके पर पहुंचकर बुल्डोजर चलवा दिया। इसके अलावा पीड़ित आदिवासियों का यह भी आरोप है कि गांव में रह रहे करीब 35 परिवारों को घर खाली करने की चेतावनी दी गई है, जिससे उनकी आजीविका और आशियाने दोनों पर संकट खड़ा हो गया है। वन विभाग का पक्ष है कि यह कब्जा वन भूमि पर अवैध रूप से किया गया था।

कार्रवाई के बाद प्रभावित आदिवासी परिवारों में भारी आक्रोश है। उन्होंने बताया कि कई बार स्थानीय अधिकारियों से शिकायत और गुहार लगाने के बावजूद कोई समाधान नहीं मिला। इसी से आहत होकर बुधवार को बड़ी संख्या में शहरिया आदिवासी महिला-पुरुष कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ से न्याय की मांग की।

error: Content is protected !!