लावारिस वाहनों की नीलामी से शासन की बढ़ी आय, अम्बाह थाने में 6.75 लाख की सबसे ऊंची बोली

मुरैना। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी अम्बाह रवि भदौरिया के पर्यवेक्षण में थाना अम्बाह परिसर में धारा 25 पुलिस एक्ट के तहत जब्त लावारिस वाहनों की नीलामी की गई।

नीलामी के दौरान कुल 170 दोपहिया और 6 चारपहिया, यानी 176 लावारिस वाहनों की नियमानुसार खुली बोली कराई गई। इससे पहले सभी वाहनों के इंजन और चेसिस नंबरों का सत्यापन कराया गया तथा समाचार पत्रों के माध्यम से सार्वजनिक सूचना प्रकाशित कर वाहन स्वामियों को दावा प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया। निर्धारित अवधि तक कोई वैध दावा प्राप्त नहीं होने पर न्यायालयीन आदेशों और नियमानुसार गठित नीलामी समिति की मौजूदगी में पारदर्शी प्रक्रिया के तहत नीलामी संपन्न हुई।

वाहनों की आधार राशि 5 लाख 70 हजार 500 रुपये निर्धारित की गई थी। कई चरणों तक चली प्रतिस्पर्धी बोली के बाद श्रीराम एंड कंपनी ट्रेडर्स, पोरसा रोड, अम्बाह ने 6 लाख 75 हजार रुपये की सर्वाधिक बोली लगाकर नीलामी प्राप्त की।

इससे शासन को 6.75 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। साथ ही, थाना परिसर में लंबे समय से खड़े लावारिस वाहनों के हटने से पर्याप्त स्थान भी खाली हुआ। नीलामी की पूरी प्रक्रिया तहसीलदार अम्बाह नरेश शर्मा, एसडीओपी रवि भदौरिया, नगर पालिका प्रतिनिधि तथा नीलामी समिति के अन्य सदस्यों की उपस्थिति में पूर्ण पारदर्शिता एवं नियमानुसार संपन्न कराई गई।

error: Content is protected !!