भोपाल के मालवीय नगर स्थित एमएलए रेस्ट हाउस में रहने वाले मुरैना विधायक दिनेश गुर्जर के बेटे देवराज गुर्जर और चार युवकों के बीच बुधवार गुरुवार देर रात विवाद हो गया। मामले में अरेरा हिल्स थाना पुलिस ने देवराज की शिकायत पर अड़ीबाजी, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, गिरफ्तार युवकों के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि आरोपियों को समय पर कोर्ट में पेश नहीं किया गया और थाने में उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। एक आरोपी के चोटिल होने का फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पुलिस के अनुसार, देवराज गुर्जर ने शिकायत में बताया कि 24-25 जून की रात करीब 12:30 बजे डिनर के बाद वे एमएलए रेस्ट हाउस की बालकनी में टहल रहे थे। तभी उन्होंने घर के सामने चार युवकों को शराब पीते देखा। जब उन्होंने उन्हें वहां से जाने के लिए कहा तो युवक गाली-गलौज करने लगे और रेस्ट हाउस की सीढ़ियों पर चढ़ने का प्रयास किया। दूसरी ओर, आरोपियों के मामा दिनेश यादव का कहना है कि विवाद की शुरुआत गाड़ी टकराने से हुई थी। उनका आरोप है कि इसके बाद विधायक पुत्र और उनके साथियों ने पहले रोहन यादव के साथ मारपीट की। जब मयंक, पंकज और विक्की मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई और कैब में तोड़फोड़ की गई। परिजनों का यह भी आरोप है कि थाने में पुलिसकर्मियों और विधायक पुत्र ने डंडों से चारों युवकों की पिटाई की। वहीं, देवराज गुर्जर का आरोप है कि चारों युवक शराब पीने के लिए उनसे रुपए मांग रहे थे। मना करने पर उन्होंने उनके साथ मारपीट की, छीना-झपटी की और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान उनके मित्र हर्ष वर्मा और सौरभ बकोरिया ने बीच-बचाव किया।

अरेरा हिल्स थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहीं, भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि यदि परिजनों को पुलिस कार्रवाई पर कोई शिकायत है तो वे लिखित आवेदन दें, मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिनकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।