मुरैना। सरायछोला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बंधा गांव में पानी से भरे एक कुएं में गोवंश गिर जाने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही गौ रक्षा दल के प्रदेश महामंत्री कुंवर रुद्रप्रताप सिंह रणबंका अपनी टीम और रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। मौके पर मौजूद ग्रामीणों के अनुसार, गोवंश काफी देर से कुएं में फंसा हुआ था और बाहर निकलने के लिए लगातार संघर्ष कर रहा था। इस बीच गांव के युवा सचिन गुर्जर ने साहस का परिचय देते हुए कुएं में उतरकर गोवंश को रस्सी से बांधने का प्रयास किया, लेकिन कुएं में अधिक पानी होने और परिस्थितियां कठिन होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गौ रक्षा दल के प्रदेश महामंत्री रुद्रप्रताप सिंह स्वयं अपनी जान जोखिम में डालकर कुएं में उतरे। उन्होंने सावधानीपूर्वक गोवंश को रस्सी से बांधा, जिसके बाद बाहर मौजूद टीम और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत करते हुए गोवंश को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया गया।रेस्क्यू अभियान के दौरान अरुण कंसाना, सुदामा कुशवाह, राहुल राठौर, नवीन पंडित सहित गौ रक्षा दल के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी के संयुक्त प्रयास से रेस्क्यू सफल रहा। गोवंश को बाहर निकालने के बाद उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। स्वास्थ्य सामान्य होने पर उसे सुरक्षित छोड़ दिया गया। ग्रामीणों ने गौ रक्षा दल की तत्परता और साहस की सराहना करते हुए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। इस सफल रेस्क्यू अभियान की क्षेत्र में व्यापक चर्चा हो रही है।