मुरैना। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देशन में जिले में महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों, वारंटियों और इनामी बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चन्दौरिया के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के मामले में करीब एक माह से फरार चल रहे ₹5,000 के इनामी आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, 25 जून 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना कोतवाली के अपराध क्रमांक 221/26, धारा 137(2), 87, 64(2)(एम) बीएनएस एवं धारा 5(एल)/6 पॉक्सो एक्ट के आरोपी मिन्टू पुत्र मोहरसिंह कुशवाह (25 वर्ष), निवासी सब्जी मंडी, मुरैना को दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-10 से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अपहृत नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वहीं आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मुरैना पुलिस ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराध करने वाले आरोपियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
