मुरैना। कोतवाली थाना पुलिस ने आजाद नगर में फायरिंग कर जान से मारने की धमकी देने के मामले में मुख्य आरोपी राहुल मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, फरियादी राधेश्याम यादव निवासी नाला नंबर-1, आजाद नगर, यादव कोठी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 21 जून 2026 की रात करीब 11 बजे चार अज्ञात बदमाश उसके घर पहुंचे और उस पर फायरिंग की। हालांकि वह बाल-बाल बच गया और गोली घर के गेट में जाकर लगी। आरोपियों ने जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी।
सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों की पहचान के आधार पर एक आरोपी की पहचान राहुल मिश्रा पुत्र सुरेश चंद्र मिश्रा निवासी अवंतीबाई कॉलोनी के रूप में हुई थी। शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
28 जून को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अम्बाह बायपास रोड के पास से राहुल मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का देशी कट्टा और एक जिंदा राउंड बरामद हुआ। इसके बाद प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गईं।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य तीन आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।