मुरैना पुलिस ने तीन महीने से लापता नाबालिग बालिका के मामले का सनसनीखेज खुलासा किया है। आरोपी ने नाबालिग का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को राजस्थान के दौसा जिले में जमीन में गाड़ दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर नाबालिग का कंकाल बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार 30 मार्च 2026 को ग्राम औरेठी निवासी 68 वर्षीय जनवेद सिंह तोमर ने थाना नगरा (पूर्व में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार) में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग नातिन को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया है। परिजनों ने रिश्तेदारियों सहित कई स्थानों पर तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर जिले में अपहृत बच्चों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र पाल सिंह डावर और एसडीओपी अंबाह रवि भदौरिया के मार्गदर्शन में थाना नगरा पुलिस की टीम लगातार संदिग्धों से पूछताछ और विभिन्न स्थानों पर तलाश करती रही। 30 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि अपहरण का आरोपी राजस्थान के दौसा में मौजूद है। पुलिस टीम तत्काल दौसा पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने के बाद गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी थी और शव को जमीन में दफना दिया था।आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दौसा से नाबालिग का कंकाल बरामद कर लिया। मामले में अब अपहरण के साथ दुष्कर्म, हत्या, साक्ष्य छिपाने और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराएं जोड़ दी गई हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।