सड़क पर तड़प रही महिला के लिए फरिश्ता बनी निर्भया मोबाइल, SI लक्ष्मी भदौरिया की तत्परता से बची जान

मुरैना। शहर में पुलिस का मानवीय और संवेदनशील चेहरा देखने को मिला। गांधी कॉलोनी निवासी 35 वर्षीय सुरभि जैन पत्नी मनीष जैन स्कूटी से मंदिर जा रही थीं। एमएस रोड स्थित जीवाजी गंज पुलिया के पास एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने लापरवाही से कट मार दिया, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गईं।

इसी दौरान गश्त पर निकली निर्भया मोबाइल टीम मौके से गुजरी। महिला सब इंस्पेक्टर लक्ष्मी भदौरिया ने बिना समय गंवाए वाहन रुकवाया और चालक राजकुमार व आरक्षक किशन कटारा की मदद से घायल महिला को सुरक्षित सरकारी वाहन में बैठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया।

जिला अस्पताल में इमरजेंसी ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने तुरंत प्राथमिक उपचार शुरू किया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। समय पर इलाज मिलने से महिला की हालत सामान्य रही और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें परिजनों के साथ घर भेज दिया गया। महिला के परिजनों ने निर्भया मोबाइल टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस की तत्परता से बड़ी परेशानी टल गई। इस घटना के बाद शहरभर में महिला SI लक्ष्मी भदौरिया और उनकी टीम की संवेदनशीलता की सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि ऐसी मानवीय पहल पुलिस के प्रति जनता का भरोसा और सम्मान दोनों बढ़ाती है।

error: Content is protected !!