घायल महिला की जान बचाने वाली SI लक्ष्मी भदौरिया और निर्भया मोबाइल टीम को SP धर्मराज मीना ने किया सम्मानित

मुरैना। सड़क दुर्घटना में घायल महिला की समय रहते मदद कर उसकी जान बचाने वाली निर्भया मोबाइल टीम को पुलिस अधीक्षक मुरैना धर्मराज मीना ने सम्मानित किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में निर्भया मोबाइल टीम द्वारा शहर, विशेषकर कोचिंग क्षेत्रों में लगातार गश्त की जा रही है। 9 जुलाई 2026 को गश्त के दौरान एम.एस. रोड स्थित जीवाजीगंज पुलिया के पास टीम को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल एक महिला सड़क पर तड़पती हुई मिली।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निर्भया मोबाइल उप निरीक्षक लक्ष्मी भदौरिया ने बिना देर किए सरकारी वाहन रुकवाया और चालक राजकुमार तथा आरक्षक किशन कटारा की सहायता से घायल महिला को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया। समय पर उपचार मिलने से महिला की जान बचाने में टीम की अहम भूमिका रही।
इस मानवीय और सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उप निरीक्षक लक्ष्मी भदौरिया एवं उनकी टीम को सम्मानित किया। इस दौरान उन्हें प्रशस्ति-पत्र और नगद पुरस्कार प्रदान कर उत्कृष्ट एवं संवेदनशील पुलिसिंग के लिए बधाई दी गई।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर, रक्षित निरीक्षक रविकांत शुक्ला सहित कार्यालयीन स्टाफ मौजूद रहा।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जरूरत के समय आमजन की सहायता कर मानवता का परिचय देना भी है। उन्होंने कहा कि मुरैना पुलिस जनहित में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को हमेशा प्रोत्साहित करती रहेगी। ऐसे कार्य पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करते हैं और अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणा बनते हैं।

error: Content is protected !!