मुरैना, 28 जुलाई 2026। मुरैना कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने मंगलवार को पोरसा तहसील कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में अंबाह और पोरसा क्षेत्र से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, खाद उपलब्धता, फार्मर आईडी, राजस्व प्रकरणों सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों पर सुनवाई करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कई मामलों का मौके पर ही समाधान कर आवेदकों को तत्काल राहत भी प्रदान की गई।

जनसुनवाई के दौरान ग्राम गढ़िया निवासी रामानंद सिंह तोमर ने भूमि सीमांकन में वर्षों से हो रही लापरवाही की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में सीमांकन के लिए आवेदन देने के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत में संबंधित पटवारी पर रिश्वत मांगने का भी आरोप लगाया गया।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने प्रथम दृष्टया कर्तव्य में लापरवाही पाए जाने पर हल्का क्रमांक-69 के पटवारी मनोज तोमर को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच कराने के भी आदेश जारी किए।
जनसुनवाई में कुल 130 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 31 गंभीर प्रकृति के मामलों को टीएल प्रकरण के रूप में दर्ज कर संबंधित विभागों को शीघ्र निराकरण के लिए भेजा गया। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का नियमानुसार, पारदर्शी और संतोषजनक समाधान किया जाए ताकि नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

सुनवाई के दौरान वार्ड क्रमांक-18 अंबाह निवासी मुनेश ने औकाफ की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की। ग्राम धर्मगढ़ के चरण सिंह ने किसान कल्याण योजना का लाभ दिलाने, ग्राम प्रेमपुरा के फोदल सिंह ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कराने तथा ग्राम नगरा के आकाश सिंह तोमर ने सीसी सड़क निर्माण की मांग रखी। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई शासन की महत्वपूर्ण व्यवस्था है, जिसके माध्यम से आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक आवेदन का संवेदनशीलता, जवाबदेही और पारदर्शिता के साथ निराकरण किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर एसडीएम प्रतिज्ञा शर्मा, तहसीलदार नरेश शर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी अवधेश सिंह सेंगर, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास सपना यादव, बीईओ नरेंद्र सिंह तोमर, बीआरसी शैलेंद्र सिंह तोमर, विद्युत विभाग के कनिष्ठ यंत्री विवेक सिंह भदौरिया, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. शैलेंद्र सिंह तोमर, जनपद पंचायत सीईओ सुनीता शर्मा, नायब तहसीलदार श्याम सुंदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।