थाने जा रही पत्नी को रास्ते में उतारा मौत के घाट, आरोपी पति गिरफ्तार

मुरैना जिले में दिमनी थाना पुलिस ने पत्नी की हत्या कर फरार हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सोमवार रात से अपने ही गांव के हार में छिपा हुआ था और भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया। हत्या में प्रयुक्त सरिया भी बरामद कर लिया गया है।जानकारी के अनुसार दिमनी थाना क्षेत्र के सहरियान का पूरा गांव में सोमवार को खाना परोसने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर आरोपी धर्मेंद्र जाटव ने अपनी पत्नी निशा जाटव के साथ मारपीट की। इसके बाद जब निशा थाने में शिकायत दर्ज कराने के लिए जा रही थी, तब आरोपी उसका पीछा करते हुए पहुंचा और सरिया से उसके सिर पर दो वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद पुलिस ने मंगलवार को मृतका का पोस्टमार्टम कराकर आरोपी की तलाश शुरू की थी। लगातार की गई तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गांव के हार में छिपा हुआ है। इसके आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।डीएसपी मुख्यालय विजय भदौरिया ने बताया कि पत्नी निशा जाटव की हत्या के आरोपी धर्मेंद्र जाटव को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त सरिया भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

error: Content is protected !!