किसान प्रतिनिधियों से बैठक के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को लिखा पत्र, किसानों की मांगों के शीघ्र समाधान का दिया आश्वासन
भोपाल। मध्य प्रदेश में मूंग खरीदी सहित किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना ने किसान प्रतिनिधियों से मंत्रालय में बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी जायज मांगों के प्रति संवेदनशील है और सभी मुद्दों का जल्द सकारात्मक समाधान करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए तथा मूंग खरीदी सहित अन्य विषयों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही किसानों से शांति बनाए रखने और संवाद के माध्यम से समाधान निकालने की अपील भी की।बैठक में किसान प्रतिनिधियों ने मूंग खरीदी और अन्य कृषि संबंधी समस्याओं को विस्तार से रखा। मंत्री ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर जल्द निर्णय लेने का भरोसा दिया। बैठक में कृषि विभाग के सचिव निशांत बरबड़े सहित विभागीय अधिकारी और किसान संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

केंद्र से बढ़ाया मूंग उपार्जन लक्ष्य मांगने का अनुरोध
किसानों से चर्चा के बाद कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर ग्रीष्मकालीन मूंग के उपार्जन का लक्ष्य बढ़ाने का अनुरोध किया है।पत्र में बताया गया है कि मध्य प्रदेश में ग्रीष्मकालीन मूंग का रकबा लगभग 14.30 लाख हेक्टेयर है और संभावित उत्पादन 20.16 लाख मीट्रिक टन आंका गया है। पिछले वर्ष केंद्र सरकार ने 4.19 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य दिया था, जबकि प्रदेश में 7.72 लाख मीट्रिक टन मूंग का उपार्जन किया गया।कृषि मंत्री ने पत्र में आग्रह किया है कि किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए विपणन वर्ष 2026-27 में प्रदेश को कुल संभावित उत्पादन का 40 प्रतिशत, यानी 8.06 लाख मीट्रिक टन मूंग खरीदी का लक्ष्य स्वीकृत किया जाए।
