सीएम डॉ. मोहन यादव का बड़ा ऐलान: ग्वालियर बनेगा देश का पहला टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग हब, 14 हजार रोजगार मिलेंगे

नई दिल्ली। मध्यप्रदेश सरकार और भारत सरकार के दूरसंचार विभाग के बीच देश के पहले टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन की स्थापना के लिए ऐतिहासिक एमओयू पर हस्ताक्षर हुए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसे प्रदेश के औद्योगिक विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया।

नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्वालियर में करीब 170 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाला यह प्लग-एंड-प्ले टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन देश का पहला एकीकृत टेलीकॉम टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम होगा। यहां 5जी, 6जी, ऑप्टिकल फाइबर, नेटवर्किंग उपकरण, आईओटी डिवाइस, सेमीकंडक्टर से जुड़े उत्पाद और अन्य इलेक्ट्रॉनिक हार्डवेयर का निर्माण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना से करीब 3,500 करोड़ रुपये के निवेश का मार्ग प्रशस्त होगा और 14 हजार लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। यहां डिजाइन, डेवलपमेंट, मैन्युफैक्चरिंग, टेस्टिंग, सर्टिफिकेशन और एक्सपोर्ट तक की पूरी प्रक्रिया एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी।कार्यक्रम में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि भारत अब केवल दूरसंचार उपकरणों का उपभोक्ता नहीं, बल्कि उनका डिजाइन, निर्माण और निर्यात करने वाला वैश्विक केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। यह परियोजना ‘डिजाइन इन इंडिया, मेक इन इंडिया और एक्सपोर्ट फ्रॉम इंडिया’ के विजन को साकार करेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निवेशकों को मध्यप्रदेश में निवेश का आमंत्रण देते हुए कहा कि प्रदेश में निवेश-अनुकूल नीतियां, बेहतर औद्योगिक आधारभूत संरचना और कुशल मानव संसाधन उपलब्ध हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना प्रदेश में एमएसएमई, स्टार्टअप, इंजीनियरिंग सेवाओं, लॉजिस्टिक्स और तकनीकी संस्थानों को नई गति देगी।

error: Content is protected !!