मुरैना में 10 लाख की चोरी: कार पंचर कर बदमाशों ने उड़ाया कैश, एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार

मुरैना। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार को दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई। सिद्ध नगर स्थित श्रीराम पैलेस के सामने कार पंचर होने का फायदा उठाकर ई-रिक्शा से आए तीन बदमाश कार में रखा रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने पीछा कर एक संदिग्ध को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए।


जानकारी के अनुसार श्रीजी प्रॉपर्टी डीलर अजय कुमार अपनी हुंडई किया कार से न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की ओर जा रहे थे। श्रीराम पैलेस के सामने उनकी कार अचानक पंचर हो गई। कार में उनके साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। दोनों टायर बदलने में व्यस्त हो गए।
इसी दौरान ई-रिक्शा से आए तीन बदमाश कार के पास पहुंचे और कार में रखा रुपयों से भरा बैग उठाकर भाग निकले। पीड़ित और आसपास मौजूद लोगों ने उनका पीछा किया और एक संदिग्ध बिट्टू तोमर को पकड़ लिया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।


कोतवाली थाना प्रभारी अमित भदौरिया ने बताया कि कार से रुपयों से भरा बैग चोरी होने की सूचना मिली है। एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा उसके फरार साथियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने बताया कि बैग में कितनी राशि थी, इसकी भी जांच की जा रही है।
हालांकि फरियादी का दावा है कि बैग में करीब 10 लाख रुपये रखे थे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

error: Content is protected !!