मुरैना। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बड़े जैन मंदिर में गुरुभक्ति और प्रश्नमंच कार्यक्रम के दौरान एक सनसनीखेज चोरी की वारदात सामने आई।

अज्ञात चोर भगवान श्री 1008 सुब्रतनाथ महाराज का करीब डेढ़ किलो वजनी चांदी का मुकुट चोरी कर फरार हो गया। चोरी गए मुकुट की कीमत लगभग 3.5 लाख रुपये बताई जा रही है।

पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 7:47 बजे एक अज्ञात युवक मंदिर के मुख्य द्वार से अंदर दाखिल हुआ। वह सीढ़ियों के रास्ते ऊपर पहुंचा और भगवान श्री 1008 सुब्रतनाथ महाराज के मंदिर में प्रवेश कर गया। बताया जा रहा है कि उसने मुकुट को सुरक्षित रखने के लिए लगी फनर (सुरक्षा) की तार काटी और चांदी का मुकुट अपने थैले में रखकर मौके से फरार हो गया।

सबसे हैरानी की बात यह रही कि जिस समय यह चोरी हुई, उसी दौरान मंदिर परिसर में गुरुभक्ति एवं प्रश्नमंच कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। कार्यक्रम में करीब 100 श्रद्धालु मौजूद थे, लेकिन भीड़ और कार्यक्रम के बीच चोर ने बड़ी सफाई से वारदात को अंजाम दे दिया और किसी को भनक तक नहीं लगी।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया। फुटेज के आधार पर अज्ञात आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है।

धार्मिक स्थल में हुई इस चोरी की घटना ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।