मुरैना। पिछड़ा वर्ग कांग्रेस ने बुधवार को जिला कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ को ज्ञापन सौंपकर ओबीसी छात्र-छात्राओं के लिए मुरैना जिला मुख्यालय पर 200-200 सीट क्षमता वाले तीन नए शासकीय छात्रावासों के निर्माण की मांग की। संगठन ने वर्तमान छात्रावासों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, जर्जर भवनों की मरम्मत और रिक्त सीटों पर तत्काल प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की भी मांग उठाई।

पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राजेश राठौर ने कहा कि प्रदेश में ओबीसी वर्ग की आबादी लगभग 55 प्रतिशत है, लेकिन विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त छात्रावास उपलब्ध नहीं हैं। हर वर्ष बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा के लिए मुरैना आते हैं, लेकिन छात्रावासों की कमी के कारण उन्हें आर्थिक और आवास संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान छात्रावासों में पेयजल, स्वच्छता, बिजली, फर्नीचर, अध्ययन कक्ष और सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। साथ ही कई स्वीकृत सीटें भी रिक्त पड़ी हैं। संगठन ने प्रशासन से सभी छात्रावासों में सुविधाएं बढ़ाने, रिक्त सीटों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर उन्हें शीघ्र भरने तथा तीन नए आधुनिक छात्रावासों के निर्माण के लिए राज्य शासन को प्रस्ताव भेजने की मांग की।

जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने कहा कि शिक्षा पर पहला अधिकार प्रतिभा का होना चाहिए, आर्थिक स्थिति का नहीं। उन्होंने सरकार से ओबीसी विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त छात्रावास और सुरक्षित आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।पिछड़ा वर्ग कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन व्यापक जनआंदोलन करेगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।